कानपुर: शादी से 6 दिन पहले मंगेतर की मारी गोली, हैरान करने वाली वजह आई सामने
कानपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने अपनी मंगेतर की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
कानपुर: हरबंशमोहाल में युवक ने अपनी मंगेतर की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। दोनों की छह दिन बाद शादी होने वाली थी। आरोपी के भागते हुए की फुटेज पुलिस को मिली है। दोनों आठ महीने से किराये के मकान में आकर मिला करते थे।
यहां उनके बीच अक्सर झगड़ा हुआ करता था। शनिवार की शाम को भी विवाद होने की बात सामने आ रही है। महिला का पहले पति से दो साल का बेटा भी है। वह अपनी नानी के घर रह रहा है। पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
किराये के मकान में दोनों मिलते थे
यह भी पढ़ें |
लखनऊ: बैंक के 42 लॉकर तोड़ने का आरोपी गिरफ्तार, एनकाउंटर में मारा गया था साथी
गड़रिया मोहाल क्षेत्र के कृष्ण कुमार के मकान में शुक्लागंज का अजय मिश्रा ने किराये पर कमरा ले रखा था। यहां अजय और चमनगंज की 32 वर्षीय प्रिया कठेरिया आए दिन आकर मिलते थे। दोनों ने मोहल्ले वालों को खुद को पति-पत्नी बता रखा था। शनिवार की सुबह करीब 11.30 बजे दोनों घर आए। शाम 7.05 बजे कृष्ण कुमार और अन्य मोहल्ले के लोगों को गोली चलने की आवाज आई।
सूचना मिलते ही एसीपी कलक्टरगंज आशुतोष सिंह, हरबंशमोहाल इंस्पेक्टर विक्रम सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। प्रिया को केपीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घाेषित कर दिया। डीसीपी पूर्व श्रवण कुमार सिंह और एडीसीपी पूर्वी मनोज कुमार पांडेय भी मौके पर आ गए।
घटनास्थल से पुलिस को खोखा मिला
यह भी पढ़ें |
Crime in UP: कानपुर में दबंगों ने प्रेग्नेंट महिला के साथ किया ये घिनौना काम
फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर नाइन एमएम की गोली भी मिली। एसीपी कलक्टरगंज आशुतोष सिंह ने बताया कि हत्यारोपित अजय मिश्रा नजदीक की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भागता हुआ नजर आया है। उसकी बाइक भी मौके पर खड़ी मिली है। आस पड़ोस के लोगों ने दोनों के बीच झगड़ा होने की बात बताई है।
घटनास्थल पर नाइन एमएम की बुलेट का खोखा बरामद हुआ है। गैलरी में खून पड़ा हुआ था। डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि दोनों छह दिन बाद शादी करने वाले थे। दोनों गड़रिया मोहाल के घर में आकर मिला करते थे।
तीन दिन पहले दी थी गोली मारने की धमकी
प्रिया के भाई राहुल ने बताया कि तीन दिन पहले अजय मिश्रा चमनगंज स्थित उनके घर आया था। इस दौरान वह काफी गुस्से में था। उसने प्रिया से गाली गलौज करते हुए उसे गोली मारने की धमकी दी थी। हालांकि स्वजन ने इसे आपसी विवाद जानकर गंभीरता से नहीं लिया। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह सच में प्रिया को गोली मार देगा। अगर कहीं प्रिया का बेटा उसके साथ होता तो शायद वह उसे भी मार डालता।